बड़ी खबर: गूलर के पास 100 मीटर गहरी खाई में समाई यात्री बस, 08 लोगों की मौत, 26 घायल!!
हरिद्वार से चमोली जा रही बस गूलर पुल से नीचे गदेरे में गिरी,
एसडीआरएफ ने दुर्गम परिस्थितियों में चलाया सघन रेस्क्यू अभियान, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया!!
टिहरी/ऋषिकेश। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ बस सेवा ऋषिकेश से 20 किमी आगे जनपद टिहरी के गूलर बाजार के समीप मंगलवार तड़के हादसे का शिकार हो गई।
हरिद्वार से जोशीमठ (चमोली) जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे यात्री बस संख्या UK09PA-9779 गूलर बाजार के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं।
निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस गहरी खाई में गिरने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से दुर्गम रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया। यहां से एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी एसडीआरएफ जवानों ने बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाए। इसके बाद शवों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन, बचाव एजेंसियों और ग्रामीणों के आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया गया।
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Rudraprayag, Rudraprayag | Nov 17, 2026