वाराणसी के राजातालाब में अतिक्रमण पर फिर गरजा बुलडोजर,अवैध निर्माण ध्वस्त
वाराणसी।जाम से मुक्ति के लिए राजातालाब में प्रशासन एक्शन मोड में है। दो दिन रुकने के बाद सोमवार को फिर बुलडोजर गरजा और असवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास अतिक्रमण को तोड़कर हटाया गया। यहां कई दुकानदारों ने सड़क किनारे बनी नाली पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर लिया था, जिससे सड़क संकरी हो गई थी। मुनादी के बाद भी निर्माण नहीं हटाने पर जेसीबी से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध कर तहसील कर्मियों से विवाद किया, जिसे पुलिस ने रोकते हुए चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई व आर्थिक दंड लगाया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग से असवारी रेलवे क्रॉसिंग तक 20 से अधिक लोगों को चिन्हित कर नोटिस दिया गया था, जिनमें से कुछ ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया था। अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी हो गई है और जाम से राहत मिली है। कार्रवाई के दौरान राजातालाब तहसील के राजस्व कर्मचारी, लोक निर्माण विभाग के अभियंता और राजातालाब थाने की पुलिस मौजूद रही।