चिरवारी-भदर्रा मार्ग पर वन विभाग की कार्रवाई: सतकठा लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, चालक पर प्रकरण दर्ज
छतरपुर। वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिरवारी-भदर्रा प्रधानमंत्री सड़क मार्ग पर सतकठा (देशी बबूल) की लकड़ी से भरा एक ट्रक जब्त किया है। वाहन के पास लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद ट्रक सहित लकड़ी जब्त कर चालक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
मुख्य वन संरक्षक छतरपुर के निर्देशन, वन मंडलाधिकारी ऋषि मिश्रा और उप वनमंडलाधिकारी नरेश चंद्र पाटीदार के मार्गदर्शन में वन परीक्षेत्र अधिकारी छतरपुर अंबुज नयन पांडेय तथा परिक्षेत्र सहायक नौगांव (प्रशिक्षु वन क्षेत्रपाल) अतुल पटेल के नेतृत्व में वन अमले ने कार्रवाई की।
वन विभाग की टीम ने वीट अलीपुरा के समीप चिरवारी-भदर्रा मार्ग पर लाल रंग के आइशर ट्रक (UP 15 GT 6163) की घेराबंदी कर जांच की। जांच के दौरान ट्रक में देशी बबूल की लकड़ी भरी मिली। चालक समीर मावी पुत्र सुरेंद्र मावी निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वन विभाग ने ट्रक और लकड़ी को जब्त कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 934/19 दिनांक 08 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक अलीपुरा मुरलीधर रैकवार, वनपाल विश्वनाथ पटेल, वनपाल रजनीश दुबे, वनरक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, शासकीय वाहन चालक राकेश कुशवाहा सहित वन विभाग का अमला और समिति सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Aug 8, 2026