प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय
जनहित में जारी
*पंचायतों में सुशासन, गुणवत्ता और जवाबदेही होगी सर्वोच्च प्राथमिकता :* *मंत्री दीपक प्रकाश*
महेशुआ पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण, विकास योजनाओं की गुणवत्ता जांची गई
; समीक्षा बैठक में पंचायत सरकार भवनों की कार्यशीलता, अतिक्रमण हटाने एवं नियमित निरीक्षण के दिए सख्त निर्देश
मधेपुरा, *07 अगस्त 2026।*
पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को मधेपुरा जिले के महेशुआ ग्राम पंचायत का दौरा कर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित प्रशासनिक व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं जनसेवाओं की उपलब्धता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में माननीय मंत्री ने महेशुआ ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-13 में निर्मित पीसीसी ढलाई एवं सोखता निर्माण योजना का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का अवलोकन करते हुए प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, मधेपुरा को सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत माननीय मंत्री की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन ने माननीय मंत्री का पौधा, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक ने जिला परिषद की भूसंपदा, परिसंपत्तियों, सैरातों की बंदोबस्ती तथा जिला परिषद के संसाधनों से प्राप्त आय एवं उसके बेहतर उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
इसके बाद जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती निकिता ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, पंचायत सरकार भवनों के निर्माण एवं उनकी कार्यशीलता, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, शवदाहगृह स्थल सर्वेक्षण, षष्ठम राज्य वित्त आयोग एवं पंद्रहवीं वित्त आयोग की राशि के व्यय तथा पंचायत विकास दिवस के आयोजन सहित विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री ने जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी पंचायत सरकार भवनों में रोस्टरवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि पंचायत स्तर पर आम नागरिकों को सभी आवश्यक सरकारी सेवाएं सुचारु एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने पंचायती राज विभाग के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा संचालित प्रत्येक योजना की नियमित गुणवत्ता जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
माननीय मंत्री ने जिला परिषद की परिसंपत्तियों पर संभावित अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने तथा जिला परिषद की संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पूर्व से निर्मित पंचायत सरकार भवनों की नियमित कार्यशीलता की समीक्षा करने तथा निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का लगातार स्थल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल एवं कार्यपालक अभियंता, एलएईओ को पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
माननीय मंत्री ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही के माध्यम से ही ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की अवधारणा को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा व्यक्त की।
समीक्षात्मक बैठक में जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती निकिता, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, माननीय मंत्री के आप्त सचिव, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, पंचायती राज विभाग के अंकेक्षक, सोलर स्ट्रीट लाइट एजेंसी के प्रतिनिधि, जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) के कर्मी तथा जिला पंचायत कार्यालय, मधेपुरा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar