भरमौर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
एडीएम विकास शर्मा ने किया ध्वजारोहण, पुलिस व होमगार्ड ने किया शानदार मार्च पास्ट
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 15 अगस्त।
उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को राजकीय महाविद्यालय भरमौर के परिसर में पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में एडीएम विकास शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और उत्साह का पर्व है। देश की आजादी महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजादी का अर्थ केवल स्वतंत्र जीवन जीना नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपमंडल प्रशासन की प्राथमिकता जनसेवा, विकास और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिले।
समारोह के अंत में एडीएम ने परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह, तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, विषयवाद विशेषज्ञ कृषि जितेंद्र कुमार, राजकीय महाविद्यालय भरमौर के प्राचार्य हेमंत पाल, एसएचओ भरमौर बाबू राम सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, विद्यार्थी, अभिभावक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।