#पौधों के जरिए प्रकृति को प्रणाम
#Bokaro: कहीं स्कूलों के बच्चे हाथों में पौधे लिए नजर आए, तो कहीं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि धरती को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरे। विश्व पर्यावरण दिवस पर बोकारो में हरियाली का जनअभियान देखने को मिला, जिसने पर्यावरण संरक्षण का खूबसूरत मैसेज दिया।
जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अजय नाथ झा, RCCF आर.टी. पांडियन और एसपी नाथू सिंह मीना ने विभिन्न परिसरों में पौधरोपण कर जिले में अगले डेढ़ महीने के भीतर 10 से 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य घोषित किया। अधिकारियों ने "ग्रीन बोकारो, क्लीन बोकारो" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
डीपीएस बोकारो ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी से पौधरोपण अभियान चलाकर जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वहीं, अयप्पा पब्लिक स्कूल और पेंटेकोस्टल असेंबली स्कूल ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जिम्मेदार नागरिकता से जोड़ा और हरित भविष्य का संकल्प दोहराया।
सामाजिक संस्था वर्ल्ड ग्रीन लाइन ने चास में 'जेनरेशन ग्रीन' अभियान की शुरुआत करते हुए इस मानसून 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया। बोकारो स्टील प्लांट में निदेशक प्रभारी प्रिया रंजन और सेल के निदेशक (वाणिज्यिक) टी.एन. नटराजन ने सहभागिता उद्यान में पौधरोपण किया।
ईएसएल स्टील लिमिटेड ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 1000 से अधिक पौधे लगाए और 15 हजार पौधों के दीर्घकालिक लक्ष्य की घोषणा की। विश्व पर्यावरण दिवस पर बोकारो ने यह संदेश दिया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए पौधरोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।
#WorldEnvironmentDay
#BeatPlasticPollution
#SaveEnvironment
#GoGreen
Chas, Bokaro | Jun 6, 2026