देवास के खटाम्बा क्षेत्र स्थित दुर्गानगर की दर्जनों महिलाओं ने समूह बनवाने और लघु उद्योग ऋण दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले में बीएनपी थाना पुलिस की तत्परता के बाद आरोपी महिला को पकड़कर थाने लाया गया, जिससे पीड़ित महिलाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला।
पीड़िता ज्योति ने बताया कि सुनीता जैलोद नामक महिला उनके क्षेत्र में आई थी। उसने महिलाओं को समूह के माध्यम से पैकिंग कार्य दिलाने का भरोसा दिलाया और प्रत्येक सदस्य से 500 रुपये लेकर समूह का रजिस्ट्रेशन करवाया। महिला ने दावा किया था कि वह 12 महीने तक लगातार काम उपलब्ध कराएगी। इसके लिए सात दिन की ट्रेनिंग भी दी गई, लेकिन बाद में न तो कोई काम मिला और न ही दिए गए वादे पूरे हुए।
महिलाओं का आरोप है कि इसके बाद सुनीता जैलोद ने लघु उद्योग ऋण दिलाने का झांसा दिया। उसने कहा कि एग्रीमेंट के आधार पर ऋण स्वीकृत कराया जाएगा। इसके नाम पर एक लाख रुपये के ऋण पर करीब 6,500 से 7,000 रुपये, दो लाख रुपये के ऋण पर 15,000 रुपये, तीन लाख रुपये के ऋण पर 30,000 रुपये और पांच लाख रुपये के ऋण पर 77,000 रुपये तक महिलाओं से जमा करवाए गए।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार क्षेत्र की 40 से 50 महिलाओं से इस तरह राशि वसूली गई है। महिलाओं का कहना है कि उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न तो ऋण मिला और न ही कोई लाभ प्राप्त हुआ। महिलाओं ने आशंका जताई कि इस पूरे मामले में एक संगठित गिरोह भी शामिल हो सकता है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद बीएनपी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को पकड़कर थाने लाया। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। महिलाओं ने बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारिया का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया और न्याय की दिशा में त्वरित कदम उठाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
महिलाओं ने कहा कि पुलिस की सक्रियता से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने मांग की कि मामले की गहन जांच कर आरोपी महिला के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य लोगों और संभावित गिरोह के सदस्यों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking