देवास जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भील आमला में वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान शासकीय अमले पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने त्वरित सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ग्राम भील आमला में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के करीब 20 से 25 लोगों ने एकजुट होकर लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शासकीय कार्य करने से रोकने का प्रयास किया तथा शासकीय वाहनों और जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना में वन विभाग के पांच कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजय सिंह बैस, थाना प्रभारी कमलापुर निरीक्षक मनोज सिंह और चौकी प्रभारी बिजवाड़ उप निरीक्षक विनय सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में थाना कमलापुर में अपराध क्रमांक 193/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीमों ने ग्राम भील आमला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
शिवम डाबर (24 वर्ष)
विशाल बुंदेला (26 वर्ष)
मंसाराम (50 वर्ष)
धन्नालाल बामनिया (50 वर्ष)
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking