आज दिनांक 03.08.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मल्टीपर्पस हॉल, सासाराम में चेहल्लुम पर्व-2026 के अवसर पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चेहल्लुम पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं शांति का प्रतीक है। इस अवसर पर सभी पदाधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता, सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि जिले में पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील स्थलों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, कर्बला एवं पहलाम स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी छोटी घटना या विवाद को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि चेहल्लुम पर्व के अवसर पर निकलने वाले सभी ताजिया जुलूस केवल सक्षम प्राधिकार से अनुमति प्राप्त करने के उपरांत पूर्व स्वीकृत एवं निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगे। किसी भी परिस्थिति में जुलूस के मार्ग में परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। जुलूस में डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त अवैध हथियार, उत्तेजक नारे, अशोभनीय प्रदर्शन, पटाखों के उपयोग अथवा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें। सासाराम अनुमंडल क्षेत्र में 166 जगहों, डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में 96 जगहों और बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में 103 जगहों पर दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। साथ ही सासाराम शहर में 8 दंडाधिकारी एवं 8 पुलिस पदाधिकारी पालीवार वाहन से गश्ती करेंगे। इसके अलावे अनुमंडलवार संवेदनशील प्रखंडों में अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति की गयी है।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए है। चेहल्लुम पर्व पर किसी भी सूचना के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। जिसका दूरभाष संख्या- 06184-226072 / 226093 है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि धर्म, जाति, भाषा अथवा किसी अन्य आधार पर सामाजिक वैमनस्य फैलाने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने, अफवाह फैलाने या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अनुमंडल दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रोहतास जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं शांति के वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तत्काल जानकारी प्रशासन एवं पुलिस को दें।
#IPRD
#PublicService
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 3, 2026