समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 426, दिनांक 31.07.2026
****************************
*विकास-सह-प्रभात फेरी, वृक्षारोपण, स्टॉल निरीक्षण एवं विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया 32वाँ स्थापना दिवस
*****************************
शेखपुरा जिला के स्थापना दिवस के अवसर पर आज दिनांक 31.07.2026 को समाहरणालय शेखपुरा के परेड ग्राउंड मैदान में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत समाहरणालय, शेखपुरा से गिरहिंडा पहाड़ अवस्थित बाबा कामेश्वर नाथ मंदिर पहाड़ तक विकास- सह -प्रभात फेरी से की गई। प्रभात फेरी में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी,कर्मियों एवं स्कूल बच्चों ने भाग लिया। गिरहिन्डा पहाड़ पर एक पेड़ मां के नाम जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त महोदय के साथ साथ सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा पेड़ लगाया गया।
इसी क्रम में परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक रणधीर कुमार सोनी शेखपुरा, माननीय विधायक पुष्पंजय कुमार बरबीघा, , विधान परिषद् सदस्य श्री ललन प्रसाद का स्वागत किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अतिथियों को श्याम विष्णुधाम का प्रतीक चिन्ह, शॉल एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी गई। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कुल 14 स्टॉलों का अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत गुब्बारे उड़ाकर स्थापना दिवस समारोह के उल्लासपूर्ण आयोजन का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के लाभुकों को सामूहिक रूप से चेक प्रदान किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों के बीच 5 ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
सर्वप्रथम अपने संबोधन में श्री शेखर आनंद जिला पदाधिकारी, महोदय ने जिले की विकास यात्रा पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए कहा कि विगत वर्षों में शेखपुरा जिले ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, भवन आधारभूत संरचना, कृषि, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे तथा शेखपुरा को विकास के नए आयामों तक ले जाया जाए।
माननीय विधायक, शेखपुरा श्री रणधीर कुमार सोनी ने अपने संबोधन में शेखपुरा जिले की स्थापना एवं विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शेखपुरा जिला बनने के पीछे राजो सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि शेखपुरा निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और आने वाले समय में जिले के विकास को और गति मिलेगी।
माननीय विधान परिषद् सदस्य श्री ललन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश एवं मार्गदर्शन में शेखपुरा विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकास कार्यों में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जिले के विकास में पुलिस प्रशासन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
माननीय विधायक बरबीघा, डॉक्टर पुष्पंजय कुमार ने भी अपने संबोधन में शेखपुरा जिले की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए जिले के निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिता यथा - कबड्डी, खो - खो, दौड़, अभिभाषण, रंगोली, चित्रकला आदी का आयोजन किया गया। तथा प्रतियोगिता में अब्बल आने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने जिले के विकास, सुशासन, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता ( विभागीय जांच), सिविल सर्जन, पंकज कुमार ( उपाध्यक्ष, जिला परिषद), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि गण, एवं अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी के साथ- साथ छात्र/ छात्राएं, ग्रामीण लोग उपस्थिति थे।
जिला जन- संपर्क पदाधिकारी,
शेखपुरा
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura #sheikhpuradistrict
4 views | Sheikhpura, Bihar | Aug 3, 2026