अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा ‘योग ही निरोग’ का संदेश !
एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिसकर्मियों संग किया सामूहिक योगाभ्यास, जिले के सभी थानों में भी हुआ आयोजन!
#संतकबीरनगर । 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन संतकबीरनगर का परेड ग्राउंड योगमय हो उठा। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षक द्वारा सूक्ष्म व्यायाम से कराई गई, जिसके बाद अनुलोम-विलोम, कपालभाति, पद्मासन, वज्रासन, सिद्धासन, मत्स्यासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, नौकासन, शवासन, ताड़ासन, शीर्षासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक ने नियमित और सुरक्षित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग न केवल बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह शारीरिक एवं मानसिक कमियों को दूर कर व्यक्ति को ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है।
इस अवसर पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी थाना परिसरों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला तथा ‘योग से निरोग’ रहने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
#InternationalYogaDay2026 #YogaForWellness
#SantKabirNagarPolice #YogaSeNirog
#fitpolicefitindia #UttarPradesh #santkabirnagar