शेखपुरा में कचरा प्रबंधन अब नई नियमावली के तहत शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में बड़ा कदम।
आज दिनांक 12.06.2026 को श्री शेखर आनंद जिला पदाधिकारी एवं श्री बलिराम कुमार चौधरी पुलिस अधीक्षक महोदय की अध्यक्षता में लगातार दूसरे दिन भी बरबीघा शहर और शेखोंपुरसराय शहर को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से 'ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026' लागू कराने की लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंथन सभागार में किया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि इस नई व्यवस्था का लक्ष्य कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निपटान और शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। कचरे का वैज्ञानिक वर्गीकरण और नई नियमावली के अनुसार, अब कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर निस्तारित किया जाना है। गीला कचरा (हरा डिब्बा) रसोई का कचरा, फल-सब्जी के छिलके और बागवानी का कचरा। इसे खाद या बायोगैस बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा। सूखा कचरा (नीला डिब्बा) कागज, गत्ता, प्लास्टिक, कांच और धातु। इसे रीसायकल (पुनर्चक्रण) के लिए भेजा जाएगा।
दूषित कचरा (लाल डिब्बा) डायपर, सैनिटरी पैड और मास्क। इन्हें कागज में लपेटकर फेंकना अनिवार्य है।
खतरनाक कचरा (काला डिब्बा) पुरानी बैटरी, ट्यूब लाइट, कीटनाशक के डिब्बे और ई-वेस्ट। इन्हें सावधानी से अलग रखा जाना चाहिए क्योंकि इनमें हानिकारक रसायन होते हैं। नियमावली में बड़े कचरा उत्पादकों (जैसे होटल, अस्पताल, स्कूल और बड़े संस्थान) के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी संस्थान का क्षेत्रफल 20,000 वर्ग मीटर से अधिक है, कचरा 100 किलो/दिन से ज्यादा निकलता है, या पानी की खपत 40,000 लीटर/दिन से अधिक है, तो उन्हें
ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
गीला कचरा परिसर के भीतर ही खाद या बायोगैस के माध्यम से निपटाना होगा।
हर साल 30 जून तक वार्षिक रिपोर्ट जमा करनी होगी। सभी नगर परिषद और नागरिकों की भूमिका नगर परिषद ने पुराने डंपसाइट्स को हटाने के लिए 31 अक्टूबर 2026 की समय सीमा तय की है। साथ ही, कचरा बीनने वालों को मुख्यधारा में शामिल कर उन्हें सम्मानजनक काम दिलाने की पहल की जाएगी।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी नगर निकायों/ग्रामवासियों से अपील की गई है कि वे कचरा न जलाएं और न ही खुले में फेंकें। नियमों का उल्लंघन करने पर चेतावनी, जुर्माना और पर्यावरण मुआवजे के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सभी बरबीघा और शेखोंपुरसराय के नगर निकायों के सभापति, उपसभापति, नगर कार्यपालक पदाधिकारी बरबीघा, और शेखोंपुरसराय के साथ साथ सभी सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर और कर्मी आदि उपस्थित थें।
Sheikhpura, Sheikhpura | Jun 13, 2026