'साराभाई वर्सेस साराभाई' फेम राजेश कुमार पहुंचे गया, नेपाल त्रासदी के पीड़ितों के लिए किया पिंडदान
गया: चर्चित टीवी धारावाहिक ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में ‘रोसेश साराभाई’ का यादगार किरदार निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता राजेश कुमार पितृपक्ष के मौके पर बिहार के मोक्षधाम विष्णुनगरी गया पहुंचे. यहां धर्मारण्य वेदी पर उन्होंने सुबह-सुबह अपने पूर्वजों के निमित्त पिंडदान और तर्पण किया. इसके बाद उन्होंने सीताकुंड पहुंचकर दर्शन-पूजन किया. इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए राजेश कुमार ने कहा कि पितृपक्ष की शुरुआत में गयाजी आकर पिंडदान करना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है. उन्होंने बताया कि इस बार का यह अवसर उनके लिए और भी विशेष बन गया, क्योंकि धर्मारण्य में नेपाल में हुई हालिया त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए भी विशेष रूप से प्रार्थना और पिंडदान किया गया.