अवैध हथियारों के साथ 3 आरोपी काबू, 2 विदेशी पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस बरामद।
अपने अन्य विदेशी साथियों के संपर्क रहते हुए अवैध वसूली/रंगदारी के लिए कर रहे थे रैकी।
दिल्ली में वारदात को अंजाम देकर डर का माहौल पैदा करने की थी योजना, अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए किया काबू।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 3 अक्टूबर । अपराध शाखा फरुखनगर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने अवैध हथियार रखने एवं उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ प्रभावशाली कार्यवाही करते हुए 3 आरोपियों को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड (20 वर्ष), निवासी गांव खेड़ा झांझरोला, जिला गुरुग्राम; जतिन उर्फ जोनी (29 वर्ष), निवासी पटेल नगर, जिला सोनीपत वर्तमान निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी, जिला सोनीपत तथा सागर निवासी गांव खेड़ा झांझरोला, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर, न्यू पटौदी गुरुग्राम रोड के पास से, आरोपी जतिन को फरुखनगर से तथा आरोपी सागर को KPM, फरुखनगर से काबू किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से 2 विदेशी पिस्टल (PX, China Made) एवं 5 जिंदा कारतूस बरामद किए जाने पर आरोपियों के खिलाफ थाना सैक्टर-10, गुरुग्राम में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है।
पुलिस कार्यवाही के दौरान आरोपी सागर ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के उपरांत आरोपी को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी अभय को अवैध हथियार आरोपी जतिन द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे, जबकि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। मामले में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उक्त आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे तथा उसके कहने पर अवैध वसूली/रंगदारी के लिए रैकी करते थे। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी योजना बनाकर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल पैदा करने की फिराक में थे।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से आरोपी जतिन के विरुद्ध दिल्ली में एक्साइज एक्ट के तहत पूर्व में एक अभियोग अंकित होना भी ज्ञात हुआ है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों के नेटवर्क, अवैध हथियारों की उपलब्धता के स्रोत तथा इनके संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।