कोटा में पटाखे का कहर: हाथ में ही फट गया रॉकेट, 5 साल का मासूम झुलसा
कोटा। दीपावली पर पटाखे चलाने के दौरान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। आरके पुरम थाना क्षेत्र के नया गांव रोजड़ी में रॉकेट हाथ में फटने से 5 साल का मासूम बालक झुलस गया। घायल बालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बालक तनिष्क बंजारा मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इसी दौरान अचानक रॉकेट उसके हाथ में ही फट गया। हादसे में बालक झुलसकर घायल हो गया। परिजन तत्काल उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं।
हादसे के बाद परिजन चिंतित हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटाकर जांच कर रही है।
अपील: पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। एक छोटी सी लापरवाही मासूमों के लिए भारी पड़ सकती है।
Ladpura, Kota | Nov 10, 2026