उदयपुर- खाने में कॉकरोच की शिकायत पर टूरिस्ट को पीटा : रेस्टोरेंट स्टाफ बोला- बड़ी इलायची है; पुलिसकर्मी भी रोक नहीं सका मारपीट
#udaipurnews #RajasthanNews
उदयपुर के मीरा रेस्टोरेंट में टूरिस्ट के खाने में कॉकरोच निकला। टूरिस्ट ने इसकी शिकायत की तो रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने उसके साथ मारपीट की। घटना धानमंडी थाना क्षेत्र में देहलीगेट चौराहा की शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। इस दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था, लेकिन वह मारपीट करने वालों को रोक नहीं पाया।
टूरिस्ट के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई। उसे इलाज के लिए एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर क्रॉस एफआईआर करवाई है। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया- खाने में कॉकरोच दिखने पर विवाद हुआ था। इसमें टूरिस्ट जयेश पटेल (35) घायल हुआ है। मामले में जांच जारी है।
मामले में संचालक रामचंद्र साहू को पुलिस ने कस्टडी में ले रखा है। पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, देहलीगेट स्थित मीरा रेस्टोरेंट पर अहमदाबाद (गुजरात) के जयेश पटेल परिवार सहित खाना खाने पहुंचे थे। खाने में कॉकरोच दिखने पर परिवार ने संचालक से इसकी शिकायत की।
रेस्टोरेंट स्टाफ ने टूरिस्ट को कहा कि वह कॉकरोच नहीं, बल्कि बड़ी इलायची है। रेस्टोरेंट स्टाफ ने कहा कि रसोई में इसे धोकर दिखाता हूं। जयेश को लगा कि वह थाली अंदर ले जाकर कॉकरोच होने का सबूत मिटा देगा। इसे लेकर बहस शुरू हो गई।
माहौल इतना गर्मा गया कि रेस्टोरेंट में खाना खा रहे लोग सहम गए और बाहर निकल आए। तभी गुस्साए रेस्टोरेंट संचालक ने जयेश पटेल पर हमला कर दिया। उसके चेहरे पर गंभीर घाव होने से खून बहने लगा। टूरिस्ट के साथ 6 महिलाओं सहित परिवार के 8 लोग थे।
Nathdwara, Rajsamand | Sep 7, 2026