नारायणगढ़ शुगर मिल कर्मचारियों को नियमित करें, न्यूनतम वेतन न देना गुनाह : वरुण चौधरी
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के धरने में पहुंचे सांसद वरुण चौधरी, अशोक मैहता व दुष्यंत चौहान ने दिया समर्थन
शहजादपुर, 5 सितंबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: अम्बाला से लोकसभा सांसद वरुण चौधरी मुलाना ने नारायणगढ़ शुगर मिल के कर्मचारियों को नियमित करने सहित उनकी सभी जायज मांगों को पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन नहीं देना उनके साथ अन्याय है और यह किसी गुनाह से कम नहीं है। कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन मिलना उनका अधिकार है।
सांसद वरुण चौधरी शनिवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं हरियाणा के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक कुमार मैहता, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष दुष्यंत चौहान और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष उधम सिंह धालीवाल के साथ नारायणगढ़ शुगर मिल के प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया।
इस दौरान नारायणगढ़ शुगर मिल कर्मचारी यूनियन के प्रधान मलकीत सिंह, उपप्रधान अवधेश सिंह, महासचिव संदीप राणा, बलजिंदर सिंह, यामीन खान, फिरोज खान, सत्यवीर सिंह, जगतार सिंह, नरेश कुमार, कमरुद्दीन, अनिल सैनी, गुरमीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, इरफान खान, भानु प्रताप, प्रहलाद और रणजीत सिंह सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
सरकार, प्रशासन और मिल प्रबंधन से संवाद कर समाधान का प्रयास करेंगे : वरुण चौधरी
वरुण चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के अत्याचारों से देश को मुक्त कराने के लिए लंबा संघर्ष किया था। आजादी के बाद भी यदि कर्मचारियों को उनके जायज अधिकारों से वंचित किया जाता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में सरकार, प्रशासन और शुगर मिल प्रबंधन के साथ संवाद स्थापित कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि एक ओर सरकार किसानों को धान और गन्ने की फसल न लगाने की सलाह देती है, जबकि दूसरी ओर नारायणगढ़ में एक और शुगर मिल लगाने की घोषणा की जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि नई मिल लगाने के बजाय सरकार पहले से चल रही नारायणगढ़ शुगर मिल को अपने अधीन लेकर उसका संचालन निरंतर जारी रखे। इससे मिल के कर्मचारियों के साथ-साथ गन्ना किसानों, मजदूरों और स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के बावजूद नारायणगढ़ की समस्याएं जस की तस : अशोक मैहता
हरियाणा के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक कुमार मैहता ने आरोप लगाया कि नारायणगढ़ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गृह क्षेत्र होने के बावजूद यहां की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ शुगर मिल के कर्मचारियों और गन्ना किसानों की समस्याएं आज भी बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ को जिला बनाने, क्षेत्र में रेलवे लाइन लाने, नहर का निर्माण करवाने तथा नारायणगढ़ और शहजादपुर के अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने जैसी लंबित मांगों पर भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
मैहता ने कहा कि नारायणगढ़ शुगर मिल से जुड़े कर्मचारियों और किसानों को लंबे समय से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पहले कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करनी पड़ी और पुलिस द्वारा सैकड़ों कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गन्ने के भुगतान को लेकर किसानों को भी लंबे आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों को समय पर वेतन मिला और किसानों को गन्ने का भुगतान भी समय पर किया गया। साथ ही हरियाणा में किसानों को देशभर में सबसे अधिक गन्ने का भाव मिला।
अशोक मैहता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी शुगर मिल कर्मचारियों और किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जब कोई समस्या सामने आएगी, कांग्रेस उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।