सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करना ही जीवन की सार्थकता है - सुमन बहमनी
जीवन के प्रत्येक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है भगवान श्रीकृष्ण का संदेश - सुमन बहमनी
जन्माष्टमी पर धार्मिक आयोजनों में शामिल हुईं मेयर सुमन बहमनी, भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का किया जलाभिषेक
यमुनानगर। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया और नगर वासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की।
मेयर सुमन बहमनी ने सबसे पहले इस्कॉन मंदिर द्वारा सौभाग्य रिसोर्ट में आयोजित भव्य जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का जलाभिषेक किया तथा पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं नगर वासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इसके उपरांत मॉडल टाउन स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में मेयर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। उन्होंने रिबन काटकर भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर झांकी का शुभारंभ किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर भजन संध्या का शुभारंभ किया और मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इसके पश्चात मेयर सुमन बहमनी गांव भटली में ब्रह्माकुमारी आश्रम थाना छप्पर द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सुंदर झांकियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, धर्म और कर्तव्य का संदेश देता है। उनकी बाल लीलाएं जहां मन को आनंद और भक्ति से भर देती हैं, वहीं श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया उनका संदेश जीवन के प्रत्येक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि व्यक्ति को फल की चिंता किए बिना निरंतर अपने कर्म करते रहना चाहिए। परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करना ही जीवन की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव एवं सकारात्मकता का वातावरण मजबूत हो। इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा , मंडल अध्यक्ष भवन सागर, मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, सनातन धर्म मंदिर के प्रधान सुभाष मेहता सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।