रसोइयों को मिली स्वास्थ्य सुरक्षा की सौगात, मानदेय बढ़कर हुआ ₹3 हजार
#देवरिया। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर रविवार को रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इसका सजीव प्रसारण देवरिया में भी दिखाया गया।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत ₹5 लाख तक की निःशुल्क कैशलेस उपचार सुविधा के लिए चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। रसोइयों के परिधान के लिए मिलने वाले अनुदान को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 तथा भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से ₹2 लाख के निःशुल्क दुर्घटना बीमा की भी घोषणा की गई।
देवरिया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार रसोइया बहनों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोइयाएं बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि रसोइयों का योगदान केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मानदेय वृद्धि और चिकित्सा सुविधा से रसोइयों तथा उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने रसोइयों से विद्यालयों के रसोईघर में साफ-सफाई रखने और बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की अपील की। कार्यक्रम में रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया गया।
इस दौरान एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा सहित शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइया उपस्थित रहे।
Barhaj, Deoria | Aug 23, 2026