मुरैना कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने देर रात कुल्हाड़ा घाट का किया औचक निरीक्षण*
मुरैना जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण तथा खनन गतिविधियों के नियमानुसार संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने देर रात लगभग 2 बजे कुल्हाड़ा घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा एवं खनिज अधिकारी श्री सुखदेव निर्मल भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों, रेत परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के पालन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा रेत परिवहन की निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि खनिज संपदा शासन की महत्वपूर्ण धरोहर है तथा इसके संरक्षण एवं राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेत घाटों एवं परिवहन मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग एवं नियमों के उल्लंघन के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस का संयुक्त अमला लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था एवं खनिज नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगा।
कलेक्टर ने मौके पर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश देते हुए संबंधित अमले को शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जिला प्रशासन द्वारा खनिज गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे खनन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।