अंधेरी रात में SDRF का साहसिक रेस्क्यू, स्वारना नदी में फंसे UPES के छह छात्र सुरक्षित बचाए
भारी बारिश के बीच SDRF ने छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर छात्रों तक पहुंचाया रेस्क्यू ऑपरेशन
देहरादून। भारी बारिश के बीच स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से जंगल में फंसे UPES विश्वविद्यालय के छह छात्रों को SDRF की टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। दुर्गम क्षेत्र में करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग के बाद टीम छात्रों तक पहुंची और सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को UPES के छह छात्र देहरादून के थान गांव स्थित मिसरास पट्टी क्षेत्र में स्वारना नदी के आसपास ट्रैकिंग के लिए गए थे। वापसी के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके चलते छात्र जंगल क्षेत्र में फंस गए।
छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलते ही SDRF डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां और बढ़ा हुआ जलस्तर रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद SDRF जवानों ने करीब छह किलोमीटर पैदल दुर्गम ट्रैक पार कर छात्रों तक पहुंच बनाई।
टीम ने सभी छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी छात्रों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सभी छात्रों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के मौसम में नदी-नालों और जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और छात्रों को मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही ट्रैकिंग या अन्य गतिविधियों के लिए निकलना चाहिए। विशेष रूप से बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।