#भरतपुर। आरयूआईडीपी की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई (कैप) द्वारा शुक्रवार को आनंद नगर स्थित एस.बी.एन. सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शहर में चल रही सीवरेज परियोजना के लाभ, रखरखाव और मानसून के दौरान बढ़ती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे बरसाती मौसम में निर्माण साइटों पर लगे चेतावनी संकेतों का पालन करें, वहां से दूरी बनाकर रखें और किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। उन्होंने खुले में कचरा न फेंकने तथा सीवर मैनहोल के ढक्कन न खोलने की समझाइश की। इस दौरान ए.एस.डी. सुरेंद्रपाल ने एसटीपी द्वारा दूषित जल के सुरक्षित निस्तारण और उसके पुनरुपयोग की जानकारी दी, जबकि प्रधानाध्यापक शंभू शर्मा ने आभार व्यक्त किया।