*सेवा संकल्प अभियान के तहत परदहा में जन चौपाल का आयोजन*
*महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं की दी गई जानकारी*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकास खण्ड परदहा में जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा बैनर एवं पोस्टर के साथ स्टॉल लगाकर शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को दी गई।
महिला कल्याण विभाग के हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम द्वारा भी स्टॉल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चियों का अन्नप्राशन कराया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बेबी किट वितरित कर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। पात्र लाभार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती तृप्ति राय, जनपद स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।