राष्ट्रपति ने डॉ. मनीषा निगम को प्रदान किया राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
गढ़वाल विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का बढ़ाया मान, शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
श्रीनगर गढ़वाल, 5 सितंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर के लिए शनिवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ. मनीषा निगम को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने डॉ. मनीषा निगम को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
डॉ. मनीषा निगम का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले National Awards to Teachers of HEIs & Polytechnics–2026 के लिए देशभर से चयनित 21 शिक्षकों में हुआ था। विभिन्न आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के बीच गढ़वाल विश्वविद्यालय की शिक्षिका का चयन उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मान के तहत डॉ. मनीषा निगम को प्रशस्ति-पत्र, 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं रजत पदक प्रदान किया गया। यह सम्मान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा शिक्षा और शोध में उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
डॉ. मनीषा निगम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा गया कि उनका सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर और समूचे उत्तराखंड के लिए गर्व एवं गौरव का विषय है। उनकी यह सफलता विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रेरित करेगी।
विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. मनीषा निगम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनके राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है और इसे संस्थान की अकादमिक उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।