*एसडीएम देवसर के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 से हटाया गया अतिक्रमण*
सिंगरौली। देवसर बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 के किनारे लंबे समय से अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अतिक्रमण के संबंध में समय-समय पर प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की पुख्ता कार्रवाई की गई।
एसडीएम देवसर के नेतृत्व में राजस्व एवं संबंधित विभागों के अमले द्वारा तहसील देवसर अंतर्गत ग्राम नौढ़िया एवं देवसर बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में किए गए अनधिकृत निर्माण एवं अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क की सीमा में किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग के दोनों ओर का क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ ही सड़क सुरक्षा की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है। विशेष रूप से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं एवं दुर्घटना की आशंका को कम करने में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं शासकीय भूमि की सीमा में किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग एवं शासकीय भूमि की सीमा में अतिक्रमण न करें तथा यातायात एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Singrauli, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026