अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुरैना पुलिस ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
मुरैना। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में मुरैना जिले के सभी पुलिस थाना परिसरों, पुलिस लाइन, कार्यालयों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के विकास में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में आयोजित योगाभ्यास में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर सभी ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से “Yoga for Healthy Ageing” यानी “स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम को आत्मसात करते हुए स्वस्थ पुलिस बल और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। मुरैना पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन के लिए समय-समय पर विभिन्न कल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
#InternationalYogaDay2026
#MorenaPolice
#YogaDay
#YogaForHealthyAgeing