#खुदाई_करने_वाले_मजदूर_पकड़े_गए..
भरतपुर। जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित विद्याधर का रास्ता में एक 200 साल पुरानी हवेली को तोड़ने के दौरान मिले करोड़ों रुपये के चांदी के खजाने को हड़पने का मामला सामने आया है। नगर निगम के नोटिस के बाद हवेली मालिक राहुल सेठी ने इसे तोड़ने का ठेका दिया था। काम के दौरान ठेकेदार महेश मल्होत्रा और चार मजदूरों को चांदी की दो बड़ी सिल्लियां (करीब 31 किलो और 35 किलो) और 1,500 प्राचीन सिक्के मिले। आरोपियों ने मालिक को भनक लगे बिना इस खजाने को आपस में बांटने का प्लान बनाया और काम जारी रखा ताकि किसी को शक न हो। पांचों आरोपियों ने रात के अंधेरे में स्कूटी से खजाना जामडोली के जंगलों में पहुंचाया, जहां सिल्लियों को जमीन में दबा दिया गया और 300-300 सिक्के आपस में बांट लिए। सिक्कों को जयपुर से बाहर बेचकर ठेकेदार ने दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी खरीदी, जबकि एक मजदूर ने बेटी की शादी की और अन्य ने गहने बनवाए। हालांकि, सिक्कों की बिक्री से मिले रुपयों के बंटवारे को लेकर ठेकेदार और मजदूरों में विवाद हो गया। धोखे का अहसास होने पर एक मजदूर ने हवेली मालिक को सारा सच बता दिया। माणक चौक थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब खजाने की बरामदगी के साथ सिक्के खरीदने वालों की तलाश कर रही है।