09 तारीख को केंद्रीय आयुष मंत्री से मुलाकात करेगी संघर्ष समिति : गुरु शरण परमार
जोगिंदर नगर/सुनील कुमार।
क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) बचाओ संघर्ष समिति को आगामी 09 तारीख को मुलाकात का समय केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव गजपत राव जाधव के कार्यालय से मिला है l यह जानकारी देते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने बताया कि आज सुबह ही यह सूचना आयुष मंत्री के कार्यालय से मिली है और यह बैठक संघर्ष समिति के क्रमिक अनशन के 51वें दिन में होगी l परमार ने कहा कि संघर्ष समिति का जो पहले दिन से सिंगल लाइन का एजेंडा पास हुआ है कि यह संस्थान किसी भी कीमत पर जोगिंदर नगर से बाहर नहीं जाएगा वह उस पर कायम हैं और आयुष मंत्री के समक्ष भी सारी दलीलें मजबूती के साथ रखी जाएंगी l जोगिंदर नगर से एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली रवाना होगा वहीं हिमाचल के अलावा जो अन्य छः राज्य इस संस्थान से लाभान्वित होते हैं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड चंडीगढ़ व उत्तर प्रदेश से भी लाभार्थी किसान जत्थे अपनी बात रखने आयुष मंत्री के कार्यालय में पहुंचेंगे l विभिन्न पंचायतों व सांसदों से इसके समर्थन में प्राप्त प्रस्ताव वहाँ पेश किये जाएंगे ताकि मंत्री को इस विषय की गंभीरता समझाई जा सके l वहीं क्रमिक अनशन के 48वें दिन पुलिस एसोसिएशन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सेवानिवृत डी. एस. पी. ज्ञान चंद ठाकुर, बलबीर सिंह, कर्म चंद व मनु बैठे l इस मौके पर जिला परिषद भड़याडा कुशाल भारद्वाज, ट्रक यूनियन के प्रधान अजय ठाकुर, सेवानिवृत चीफ फार्मासिस्ट रामलाल वालिया, डॉ. राजेंद्र सिंह, राजेश डोगरा, जय करण, नरेंद्र ठाकुर, गोपी चंद, कुलदीप चंद, मुनीश ठाकुर, ओम शर्मा,रमेश कुमार, कर्म सिंह ठाकुर, मुनीश जमवाल आदि मौजूद रहे l
Jogindarnagar, Mandi | Oct 6, 2026