**मोकामा-सिमरिया सिक्स लेन पुल पर भारी जाम: डीपे नाइजर मशीन ले जाने के कारण सुबह से वाहनों की लंबी कतार, यात्री परेशान**
**मोकामा/सिमरिया:**
बेगूसराय स्थित आईओसीएल (IOCL) के लिए एक भारी-भरकम आधुनिक मशीन ले जाने के दौरान मोकामा-सिमरिया सिक्स लेन पुल पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे से शुरू हुआ यह ट्रैफिक जाम सुबह 11:00 बजे तक लगातार बना रहा। पुल और मुख्य राजमार्ग पर लगभग 4 से 5 किलोमीटर तक वाहनों की भारी कतारें लगी रहीं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बेगूसराय स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लिए एक विशेष ' डीपे नाइजर आधुनिक मशीन को ट्रांसपोर्ट किया जा रहा था। इस भारी-भरकम और ओवरसाइज मशीन को सुरक्षित निकालने के लिए सुरक्षा और तकनीकी कारणों से डाउन लाइन को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था। हालांकि बाद में लाइन को दोबारा चालू कर दिया गया, लेकिन भारी वाहन और ट्रकों की आवाजाही के दबाव के कारण लंबा जाम लग गया।
सुबह के शुरुआती घंटों से ही वाहन चालकों और यात्रियों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। खासकर दूर-दराज जाने वाली बसों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन गाड़ियों को भी काफी देर तक रेंगना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि प्रशासन या ट्रांसपोर्ट एजेंसी द्वारा भारी मशीन ले जाने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन या प्रबंधन की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण यह विकट स्थिति उत्पन्न हुई।
लगभग 7 घंटे तक चले इस भीषण ट्रैफिक जाम के कारण मोकामा और सिमरिया के दोनों छोर पर वाहन फंसे रहे। हालांकि, प्रशासनिक और यातायात पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहकर स्थिति को सामान्य बनाने और वाहनों की कतार को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने में जुटे रहे।
Mokameh, Patna | Oct 10, 2026