001
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 06 सितम्बर 2026
*दीप्ति गर्ग (IPS) ने पुलिस अधीक्षक पलवल का संभाला कार्यभार, सशक्त और जवाबदेह पुलिसिंग का दिया संदेश।*
*महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन व यातायात सुधार अभियान रहेंगे प्राथमिकता में शामिल।*
*अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश, पारदर्शिता व जनविश्वास पर विशेष जोर।*
पलवल। हरियाणा पुलिस में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत दीप्ति गर्ग (IPS) ने पुलिस अधीक्षक पलवल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन पर डीएसपी मुख्यालय श्री मनोज वर्मा, डीएसपी हथीन श्री रत्नदीप सिंह बाली, डीएसपी ट्रैफिक पलवल श्री नरेंद्र खटाना सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इसके उपरांत भव्य सम्मान गार्ड द्वारा सलामी दी गई। वर्ष 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी दीप्ति गर्ग का सेवाकाल विविध और प्रभावशाली रहा है। डीसीपी मुख्यालय, झज्जर तैनाती से पूर्व वे पुलिस अधीक्षक, डबवाली के महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वे एएसपी के रूप में सिरसा में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन कर चुकी हैं,कार्यभार संभालने के उपरांत उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए सभी शाखाओं की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया तथा अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने नशा उन्मूलन अभियान को गति देने पर जोर देते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे।उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी विशेष निर्देश दिए, जिसमें नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना शामिल है। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग आईपीएस ने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता में रखते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का मजबूत संबंध स्थापित करना आवश्यक है, जिसके लिए पुलिस को संवेदनशील और जवाबदेह बनना होगा। उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने कार्य को सेवा भाव से करें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
Palwal, Palwal | Sep 6, 2026