#भरतपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को भरतपुर में 'बलिदान दिवस' के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया, जिसमें केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष गिरधारी तिवारी ने की। अतिथियों ने डॉ. मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और मां भारती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जिस विचार का बीज रोपा था, वह आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है और इसी वैचारिक निष्ठा के कारण देश की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। उन्होंने राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अंत्योदय के मार्ग पर चलकर जनजीवन में बदलाव ला रही है, जिसके तहत देश में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और विकसित भारत के संकल्प के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इस श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद रंजीता कोली, पूर्व जिला अध्यक्ष गिरधारी गुप्ता सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।