दुधवा के जंगलों में घुसा बाढ़ का पानी, 'ग्रीन सोल्जर्स' नावों से कर रहे चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग
पर्यटन रेंज अधिकारी के नेतृत्व में रैपिड रिस्पांस टीम गठित,उप निदेशक जगदीश आर. के निर्देशन में सुरक्षा पुख्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पलिया कलां खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जंगलों और वन क्षेत्रों में भीषण जलभराव व बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। मानसून सत्र में यूं तो हर साल जलभराव होता है, लेकिन इस बार निरंतर बारिश के कारण उन इलाकों में भी पानी भर गया है जो आमतौर पर सूखे रहते थे। इस गंभीर चुनौती के बीच दुधवा के 'ग्रीन सोल्जर्स' (वनकर्मी) जान जोखिम में डालकर वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में डटे हुए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग के उप निदेशक जगदीश आर. ने बताया कि मानसून के दौरान आने वाली इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पहले से ही पुख्ता तैयारियां की गई थीं। वन अधिकारी और कर्मचारी उपलब्ध संसाधनों, नावों व हाथियों की मदद से संवेदनशील इलाकों में निरंतर पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि वन्यजीवों को किसी भी खतरे से बचाया जा सके।
आकस्मिक स्थिति के लिए रैपिड रिस्पांस टीम तैनात:
किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटने के लिए प्रभागीय स्तर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी (पर्यटन रेंज) के नेतृत्व में एक विशेष रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। यह टीम प्रभावित क्षेत्रों में दिन-रात मुस्तैद रहकर निगरानी कर रही है। पार्क प्रशासन का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।