#भरतपुर। महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा पंचायत समिति नदबई परिसर में एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिस लाइन से आईं महिला ट्रेनर मिथलेश फौजदार और उनकी टीम ने राजीविका व 'लखपति दीदी' योजना से जुड़ी महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को अचानक होने वाले हमलों से बचाव, हमलावर की पकड़ से छूटने और आसपास मौजूद वस्तुओं का इस्तेमाल कर आत्मरक्षा करने की तकनीकों का अभ्यास कराया गया। महिला ट्रेनर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से इतना सशक्त बनाना है कि वे किसी भी संकट में घबराने के बजाय साहस से काम ले सकें। सरल भाषा और लाइव प्रदर्शन के कारण यह सत्र बेहद रोचक रहा, जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपने संशयों को दूर किया।