मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेबाकी से बोले प्रशिक्षु
हुनर देखकर गदगद हुए मुख्यमंत्री
शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में संवाद, नवाचार और आत्मविश्वास का अनूठा संगम
=============================================================
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था छिंदवाड़ा का भ्रमण किया। जहां उन्होंने संस्थान के प्रशिक्षुओं से आत्मीय संवाद किया, उनके हुनर को नजदीक से देखा और उनके आत्मविश्वास की खुले दिल से सराहना की। इस दौरान प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप सिंह, महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, नोडल आईटीआई प्राचार्य श्री शुभम निमजे और शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षुओं से उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं और शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभ पर विस्तार से चर्चा की। मैकेनिकल लैब में उन्होंने सीआरडीआई फोर-स्ट्रोक डीजल इंजन के बारे में जानकारी ली और लेथ मशीन पर दक्षता से कार्य कर रही प्रशिक्षुओं की विशेष रूप से प्रशंसा की।
फिटर ट्रेड की प्रशिक्षु सुषमा उइके ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया कि उनके माता-पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं और वह प्रशिक्षण लेकर तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बना रही हैं। प्रशिक्षुओं के आत्मविश्वास से प्रभावित मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि “इसी आत्मविश्वास को बनाए रखिए। तकनीकी कौशल के साथ खेती से भी जुड़े रहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मेरे पिता ने भी हमेशा मुझे खेती से जुड़े रहने की सीख दी थी।”
इसी दौरान प्रशिक्षु राधा उइके ने बताया कि वह प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों का उपयोग खेती-किसानी में भी करेंगी और भविष्य में अपना स्वयं का टेक्निशियन मशीन वर्कशॉप एवं हार्डवेयर वर्कशॉप स्थापित करना चाहती हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके संकल्प की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशिक्षुओं से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ली। प्रशिक्षु मीना करवेती ने आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें बाइंडिंग, पंखा मरम्मत, वायरिंग तथा मशीन पार्ट्स को जोड़ने जैसे तकनीकी कार्यों में दक्षता प्राप्त है और वह सभी कार्य पूरी सावधानी एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए करती हैं।
प्रशिक्षुओं का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपकी जिम्मेदारी केवल अपना जीवन बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कौशल से दूसरों के जीवन को भी बेहतर बनाने की है।
संस्थान में नवाचार की मिसाल भी देखने को मिली। फिटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने वेस्ट टू आर्ट की अवधारणा पर तैयार किया गया आकर्षक गिटार का अवलोकन किया उन्हें कबाड़ से निर्मित तोप भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन रचनात्मक प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि नवाचार और कौशल का ऐसा समन्वय युवाओं की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर संस्थान की प्रवेश विवरणिका भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भेंट की गई। प्रशिक्षुओं के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके साथ आत्मीय वातावरण में सामूहिक फोटो भी खिंचवाया, जिससे छात्राओं का उत्साह और बढ़ गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान परिसर में मलबरी (शहतूत) का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।