सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजाम न होने से हादसा, बाइक सवार घायल
श्री सीमेंट प्लांट खुखराना के पास पानीपत-जींद रोड पर हुआ हादसा, गड्ढों के पास रिफ्लेक्टर नहीं होने से बिगड़ा संतुलन
मडलौडा। गांव खुखराना स्थित श्री सीमेंट प्लांट के पास पानीपत-जींद रोड पर सोमवार रात एक बाइक सवार सड़क हादसे में घायल हो गया। घायल की पहचान सतीश निवासी गांव खोराखेड़ी, जिला करनाल के रूप में हुई है। संदीप एसी रिपेयरिंग का कार्य करता है और काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि असंध रोड पर इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और असमान सतह बनी हुई है। आरोप है कि इन गड्ढों के आसपास वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण सतीश को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग सका और अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित सड़क निर्माण कंपनी और विभाग से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल रिफ्लेक्टर, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को गड्ढों और निर्माण कार्य की जानकारी मिल सके तथा हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है।
Israna, Panipat | Aug 31, 2026