उरई में जिला परिषद चौराहे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क चौड़ीकरण को मिली रफ्तार
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई, जालौन। शहर के व्यस्त जिला परिषद चौराहे पर सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए सड़क चौड़ीकरण अभियान को गति दी। जिलाधिकारी जालौन के निर्देशों के अनुपालन में सिटी मजिस्ट्रेट, नगर पालिका परिषद उरई के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तथा ट्रैफिक पुलिस प्रभारी संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और नाले की सीमा से आगे तक लगाए गए सब्जी, फल एवं अन्य सामान के अस्थायी ठेलों और दुकानों को हटाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में कोई भी दुकान नाले की हद से आगे नहीं लगाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकानें लगाएं और प्रशासन के सहयोगी बनें, ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाया जा सके।
#jalaunnews #dmjalaun #oraijalaun #boldobharat
Orai, Jalaun | Jul 14, 2026