एसआईईटी पंचकूला में बी.टेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 15 दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का सफल समापन
पंचकूला, 21 अगस्त : स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआईईटी), पंचकूला में नवप्रवेशित बी.टेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 15 दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, तकनीकी एवं व्यावसायिक अवसरों, कौशल विकास तथा व्यक्तित्व विकास से परिचित कराना था। कार्यक्रम में बी.टेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआई) के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से उद्योग विशेषज्ञों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं वेल-बीइंग विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने ज्ञान, अनुभव एवं विशेषज्ञता को सांझा किया तथा उन्हें उभरती हुई तकनीकों, करियर के अवसरों, नवाचार, व्यावसायिक विकास, प्रभावी संचार एवं मानसिक एवं शारीरिक कल्याण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया।
इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इनमें क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, टैलेंट हंट, निबंध लेखन प्रतियोगिता सहित अनेक गतिविधियां शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, टीम भावना एवं संचार कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
समापन दिवस पर निदेशक-प्रधानाचार्य प्रो. अनिल कुमार रोज एवं रजिस्ट्रार, एसआईईटी पंचकूला, डॉ. सीमा ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें इंडक्शन कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल शैक्षणिक यात्रा की कामना करते हुए उन्हें संस्थान में उपलब्ध विभिन्न अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
15 दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के दौरान प्राप्त विविध शैक्षणिक, तकनीकी एवं सह-पाठ्यक्रम अनुभवों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।