7 अक्टूबर को एक साथ 5000 लोग करेंगे सफाई, गिनीज बुक रिकॉर्ड की तैयारी - महाबीर प्रसाद
सफाई का महाकुंभ, एक साथ 5000 लोग रचेंगे इतिहास
तीन अक्टूबर तक होगा रजिस्ट्रेशन, कोई भी ले सकता है भाग
सफाई महाकुंभ अभियान में जनभागीदारी व तैयारियों को लेकर आयुक्त ने ली पार्षदों व अधिकारियों की बैठक
यमुनानगर। शहर को स्वच्छ बनाने और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर नगर निगम की ओर से 7 अक्टूबर को मॉडल टाउन में सफाई महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा सफाई अभियान में एक साथ करीब 5000 लोग सफाई कार्य में जुटेंगे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सफाई अभियान में शामिल होने का रिकॉर्ड दर्ज कराने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौके पर पहुंचेगी। सफाई महाकुंभ में भाग लेने के इच्छुक लोगों के लिए 3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन करवाने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को पहचान पत्र जारी किया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने दी। वे मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में पार्षदों व अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। बैठक में उन्होंने सफाई महाकुंभ की तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि सफाई महाकुंभ में नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और शहरवासी भाग लेंगे। अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान के दौरान मॉडल टाउन स्थित नेहरू पार्क तथा इसके आसपास के क्षेत्र और गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। मौके पर सहायक अभियंता मृणाल जैयसवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, मुक्ता, लोकेश, पार्षद अरुण कुमार, भावना बिट्टू, तिलक राज, सुनैना शर्मा, मनु कृष्ण सिंगला, संदीप धीमान, दीक्षित कुमार, उज्जवल बनयाल, हरजीत आनंद, विक्रम राणा, मंजीत कौर, पार्षद प्रतिनिधि पवन बिट्टू, राहुल, मदन कुमार, जगदीश बब्बर, नीरज आदि मौजूद रहें।
----------
समय रहते पूरा करें व्यवस्थाएं -
आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सफलता के लिए सफाई व्यवस्था, संसाधनों, कर्मचारियों, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए। सभी संस्थाओं को अभियान में शामिल होने के लिए पत्र जारी करें। उन्होंने कहा कि सफाई महाकुंभ केवल एक दिन का सफाई अभियान नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने शहरवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
फोटो कैप्शन - पार्षदों व अधिकारियों की बैठक लेते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।