योगाभ्यास के माध्यम से सिकल सेल रोग के प्रति किया गया जागरूक
रेड क्रॉस सोसाइटी एवं आरोग्य भारती ने आयोजित किया जागरूकता शिविर
==========================================================
विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिले में सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरोग्य भारती एवं रेड क्रॉस सोसाइटी छिंदवाड़ा द्वारा आयुष विभाग के सहयोग से शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को वीआईपी रोड स्थित महिला आईटीआई एवं आदिवासी महिला आईटीआई में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष डॉ.हितेश मिश्रा के निर्देशन में किया गया।
शिविर में प्रमुख योग शिक्षक डॉ. पवन नेमा एवं योग शिक्षिका श्रीमती जयश्री घोड़े ने छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को सिकल सेल रोग से बचाव के लिए विशेष योगाभ्यास कराया तथा उचित आहारचर्या के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर उपस्थित थीं। वहीं मुख्य वक्ता आरोग्य भारती महिला प्रमुख एवं प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि नेमा ने सिकल सेल रोग के कारण, निदान, रोकथाम एवं उपचार में आयुर्वेद की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सिकल सेल ट्रेट की पहचान के लिए रक्त परीक्षण करवाने तथा विवाह से पूर्व जांच कराने की सलाह दी, जिससे आने वाली पीढ़ियों में इस रोग की रोकथाम की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर निकट भविष्य में परीक्षण शिविर आयोजित कर सिकल सेल रोगियों की पहचान एवं उपचार की योजना पर चर्चा की। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति श्री भानुदास गोखे, उपसभापति डॉ. हितेश मिश्रा, सचिव श्री निरपत टेकरे, श्री अनिल साहू, श्री विनोद वर्मा, आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ.दीप सिंह मालवीय, योग प्रभारी श्री हेमंत माहोरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए सभी से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया गया। अंत में योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ।