ग्राम भीलटदेव में राष्ट्रीय तिलहन मिशन के तहत कृषि मेला एवं प्रदर्शनी आयोजित, किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कम पानी में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने और नरवाई प्रबंधन अपनाने का किया आह्वान
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल एंड ऑयल सीड्स) के अंतर्गत शनिवार 28 नवंबर को विकासखंड सिवनी मालवा के ग्राम भीलटदेव में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा नरवाई प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला एवं जिला कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री अजीत सिंह मंडलोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वैज्ञानिकों ने किसानों को दी तकनीकी जानकारी
कृषि मेले के तकनीकी सत्र में कृषि महाविद्यालय पवारखेड़ा के वैज्ञानिक श्री दीपक खांडे एवं श्री विनोद कुमार तथा कृषि विज्ञान केंद्र गोविंदनगर, बनखेड़ी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. देवीदास पटेल, डॉ. राजेंद्र पटेल एवं श्री ब्रजेश कुमार नामदेव ने किसानों को आगामी रबी सीजन की फसलों की बुवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने अलसी, सरसों एवं गेहूं की उन्नत खेती, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लाभ तथा नरवाई प्रबंधन के प्रभावी तरीकों से किसानों को अवगत कराया।
मेले में सहायक कृषि यंत्री कार्यालय पवारखेड़ा द्वारा नरवाई प्रबंधन में उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही इफको कंपनी के प्रतिनिधियों ने उर्वरक एवं कीटनाशकों की जानकारी दी। आत्मा परियोजना के अंतर्गत बीआरसी के प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले उत्पादकों सहित महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, सहकारिता, आजीविका मिशन, राजस्व एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई।
कम पानी वाली फसलों को दें बढ़ावा, नरवाई न जलाएं : सांसद श्री चौधरी
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों को आगामी फसलों की योजना सोच-समझकर बनानी चाहिए। कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों को बढ़ावा देने के साथ ही खेती में आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर नरवाई प्रबंधन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में भी चर्चा की।
उन्होंने रबी सीजन में गेहूं की बोनी के दौरान उचित समय एवं अनुशंसित विधि अपनाने तथा उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। सांसद श्री चौधरी ने कहा कि किसानों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ने के लिए इस प्रकार की कृषक संगोष्ठियों, मेलों एवं प्रदर्शनियों का आयोजन जिले के सभी विकासखंडों में समय-समय पर किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम के समापन पर जिला कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री अजीत सिंह मंडलोई ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कृषकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री रविकांत सिंह, परियोजना संचालक (आत्मा) श्री जवाहरलाल कास्दे सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Home Department of Madhya Pradesh Department of Rural Industry, Madhya Pradesh Department of Culture, Madhya Pradesh