डाक बंगला क्षेत्र में गुलदार की दस्तक, रात में बढ़ी दहशत
सीसीटीवी में कुत्तों और मवेशियों का पीछा करता दिखा गुलदार, शाम ढलते ही सुनाई दे रही गुर्राने की आवाज
श्रीनगर गढ़वाल। शहर के डाक बंगला रोड क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से गुलदार की सक्रियता ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रात के समय क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है। रात करीब दो बजे गुलदार सीसीटीवी कैमरे में कुत्तों और मवेशियों का पीछा करता हुआ कैद हुआ। इसके बाद से स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
व्यापार सभा के कोषाध्यक्ष पंकज नेगी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात और तड़के सुबह गुलदार की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। फुटेज में गुलदार कुत्तों और मवेशियों के पीछे जाता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से शाम ढलने के बाद क्षेत्र में कई बार गुर्राने जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक बंगला रोड के आसपास आबादी और आवाजाही वाले क्षेत्र होने के कारण गुलदार की लगातार मौजूदगी चिंता का विषय बनी हुई है। रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।
लोगों ने वन विभाग से जल्द टीम भेजकर क्षेत्र का निरीक्षण कराने, नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने और आसपास के क्षेत्र में सतर्क रहने की अपील की गई है।