पहली ही बारिश... और राजधानी रायपुर पानी-पानी! 🌧️🏠
Raipur, Raipur | Jul 5, 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने राजधानी रायपुर में नगर निगम के दावों की हकीकत सामने ला दी। बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रामसागर पारा सहित कई मोहल्लों में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बारिश का पानी निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालियों की समय पर सफाई नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति बनी है। कई परिवारों का घरेलू सामान भी पानी में भीग गया, जबकि पूरी रात लोग घरों से पानी निकालने में लगे रहे। हालात ऐसे रहे कि कई लोगों की रात बिना सोए ही गुजर गई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मानसून की यह पहली ही बारिश थी, तब शहर का यह हाल हो गया, तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश के दौरान स्थिति कितनी गंभीर होगी। हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। नगर निगम की तैयारियों पर अब सवाल उठने लगे हैं। यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता और नालों की प्रभावी सफाई की गई होती, तो शायद लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। अब शहरवासियों की मांग है कि नगर निगम केवल कागजी दावों तक सीमित न रहे, बल्कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य शुरू करे और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।