बिलासपुर की छह बेटियों का कराटे में दमदार प्रदर्शन, डीएवी क्लस्टर गेम्स में 3 गोल्ड समेत 6 पदक जीते
बिलासपुर। शहर स्थित बृज मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाली छह बेटियों ने शिमला में आयोजित डीएवी क्लस्टर गेम्स कराटे स्टेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण समेत छह पदक अपने नाम किए। ये सभी छात्राएं डीएवी बिलासपुर की विद्यार्थी हैं और प्रतियोगिता में डीएवी बिलासपुर की ओर से हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में मौर्य ठाकुर, शानवी कौशल और शेरन सेन ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि सिया गुप्ता और अंशिका गौतम ने रजत पदक तथा भव्या ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ इन बेटियों ने एक बार फिर साबित किया कि मेहनत, अनुशासन और सही प्रशिक्षण के दम पर वे किसी से कम नहीं हैं।
इन सभी खिलाड़ियों का प्रशिक्षण बृज मार्शल आर्ट अकादमी में होता है। अकादमी के डायरेक्टर एवं मुख्य प्रशिक्षक बृज लाल चौहान ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि बच्चों को इस तरह प्रशिक्षित किया जाए कि वे जहां भी प्रतियोगिता में जाएं, अपने प्रदर्शन से पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि अकादमी के बच्चे हर बार किसी न किसी प्रतियोगिता से पदक लेकर लौटते हैं और इनमें ज्यादातर स्वर्ण पदक होते हैं।
बृज लाल चौहान ने कहा कि अकादमी में बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में मैदान के बाहर उसका हौसला बढ़ाने वाले लोगों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने वाले साथियों, अभिभावकों और दर्शकों की तालियां और समर्थन खिलाड़ियों को अतिरिक्त हिम्मत देते हैं। शिमला में आयोजित इस प्रतियोगिता में भी खेल भावना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का यह पहलू देखने को मिला।
प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली मौर्य ठाकुर, शानवी कौशल, शेरन सेन, सिया गुप्ता, अंशिका गौतम और भव्या अब नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। बेटियों की इस उपलब्धि से अकादमी, अभिभावकों और बिलासपुर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
#Bilaspur #HimachalPradesh #Karate #DAVClusterGames #Sports #BrijMartialArtsAcademy #BrijLalChauhan #GirlsInSports #NationalLevel #UTHimachal #UTNews
Bilaspur Sadar, Bilaspur | Sep 27, 2026