जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात सुधार पर जोर
..
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी एवं अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुविधा सुनिश्चित करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
उक्त बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने नगर एवं जिले के चिन्हित स्थलों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित करने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 40 हाईमास्ट लाइटें लगाई जानी हैं और डार्क जोन वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां शीघ्र हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने कहा कि जिन स्थानों पर पहले से हाईमास्ट लाइटें लगी हुई हैं लेकिन वे खराब हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों, विशेष रूप से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मृत्यु की संभावना को कम करता है, इसलिए इसके प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाए।
बैठक में जिले की सड़कों पर लगाए गए संकेतक बोर्डों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एमपीआरडीसी एवं एनएचएआई की सभी सड़कों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड व्यवस्थित रूप से लगाए जाएं, जिससे वाहन चालकों को मार्ग संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों एवं पेड़-पौधों की नियमित कटाई-छंटाई करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दृश्यता बेहतर हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़क मरम्मत कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया। अपर कलेक्टर ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सड़कों के गड्ढों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। इसके अतिरिक्त जिले की सभी जलमग्न पुल-पुलियों पर चेतावनी बोर्ड लगाने एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए, ताकि बरसात के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #सड़क_सुरक्षा
#RoadSafety #DistrictAdministration
48 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 11, 2026