रोजगार मेले में मिला नियुक्ति पत्र, दर्शन कुमार ने बढ़ाया बैरगनिया का मान
बैरगनिया। शहर के शिवपट्टी निवासी स्व. लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता के पुत्र दर्शन कुमार का चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुप्रिटेंडेंट के पद पर हुआ है। पटना के पुराने सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में 19 सितंबर को आयोजित रोजगार मेले में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से बैरगनिया सहित पूरे सीतामढ़ी जिले में खुशी का माहौल है।
दर्शन कुमार ने वर्ष 2015 में राजकीयकृत उच्च विद्यालय से मैट्रिक, वर्ष 2017 में डीडीएम कॉलेज से इंटर तथा वर्ष 2021 में प्रिया रानी राय डिग्री कॉलेज से स्नातक ऑनर्स की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी।
दर्शन कुमार ने बताया कि बड़े भाई मोहन कुमार के मार्गदर्शन, मां शारदा देवी के आशीर्वाद और परिजनों की दुआओं के साथ उन्होंने ऑनलाइन पढ़ाई के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने पहली ही कोशिश में एसएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। 14 मई 2026 को जारी परिणाम में उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुप्रिटेंडेंट के पद पर हुआ था। इसी चयन के बाद 19 सितंबर को आयोजित रोजगार मेले में उन्हें नियुक्ति पत्र मिला।
दर्शन कुमार की सफलता पर नगर परिषद सभापति सिंघु गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मो. बशीर अंसारी, सामाजिक कार्यकर्ता भाई ओमप्रकाश, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष रामाशीष राय, शाहिद वंशी के चाचा के पुत्र सह समाजसेवी भोला साह, जदयू नगर अध्यक्ष अनिल कुमार आजाद सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।