घग्गर नदी किनारे अवैध विदेशी पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पंचकूला/ 10 जुलाई:- पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों के तहत अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-26 आशियाना कॉम्प्लेक्स निवासी गगन रेशवाल (24 वर्ष) अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ सेक्टर-27/28 की डिवाइडिंग रोड के सामने घग्गर नदी किनारे बनी शेड के नीचे किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही इन्चार्ज पीएसआई विजय की अगुवाई में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक विदेशी पिस्टल, दो मैगजीन तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी से हथियार रखने संबंधी लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार, मैगजीन और कारतूस को कब्जे में लेकर थाना चंडीमंदिर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत मामला दर्ज किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपी को आज अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि के दौरान अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करने, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी रहेगी। साथ ही स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने, उनकी तस्करी करने अथवा अपराधों में इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Uklana, Hissar | Jul 10, 2026