जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, 55 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
हमीर चेस एसोसिएशन (जिला हमीरपुर शतरंज संघ) द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, सलासी (हमीरपुर) में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुरेश राठौर ने किया।
अपने उद्घाटन संबोधन में एडवोकेट सुरेश राठौर ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला हमीरपुर में शतरंज की गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चों और युवाओं में मोबाइल फोन की बढ़ती लत तथा नशे की ओर बढ़ते झुकाव को कम करने में मदद मिल सके। उन्होंने एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक विजय पाल सिंह सोहारू का संगठन को मार्गदर्शन एवं नेतृत्व प्रदान करने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में एसोसिएशन की उपाध्यक्ष सुनीता ठाकुर, महासचिव केमी, सह-सचिव नेहा लखनपाल, कोषाध्यक्ष एडवोकेट मुकेश कुमार सहित संजीव कुमार, नीलम वर्मा, शशि ठाकुर, रंजन शर्मा तथा राकेश कुमार बतौर सदस्य उपस्थित रहे।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले भर से कुल 55 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 तथा सीनियर ओपन वर्ग में किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लड़के एवं लड़कियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता के लिए मेडल प्रदान किए जाएंगे।
एसोसिएशन ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में भाग लेने वाले खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पात्र बनेंगे।