विकसित भारत की परिकल्पना साकार करेंगे युवा- सुश्री चौधरी
मेरा युवा भारत केन्द्र द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित, विकसित भारत 2047 को लेकर दी जानकारी
-----
शहर के शिवपुरी रोड़ स्थित नेरोगेज होटल में आज सोमवार को दोपहर 3 बजे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत केन्द्र की जिला युवा अधिकारी सुश्री विनीता चौधरी द्वारा प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें विकसित भारत क्विज़ में युवाओं की भागीदारी को लेकर आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। इस दोरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुश्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव, जिसका आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर किया जाता है, देश के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आने वाले युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप राष्ट्रीय युवा महोत्सव का पुनर्गठन विकसित भारत युवा संवाद के रूप में किया गया।
इसी क्रम में 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत युवा संवाद (2027) का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहभागी बनाना तथा उनमें नेतृत्व, नवाचार एवं रचनात्मक चिंतन की भावना को प्रोत्साहित करना है। भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ विकसित भारत क्विज़ का आयोजन किया जा रहा है। यह क्विज़ माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध है। विकसित भारत क्विज़ 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत चुनौती ट्रैक पाँच चरण में सम्पन्न होगा जिसका प्रथम चरण क्विज 17 अगस्त से 30 सितम्बर 2026 तक होगा, इसके बाद द्वितीय चरण निबंध 05 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2026 तक, तृतीय चरण जिला चौम्पीयनशिप प्रस्तुतिकरण 10 से 16 नवम्बर 2026, चतुर्थ चरण राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संवाद प्रस्तुतिकरण 17 नवम्बर से 07 दिसम्बर 2026 तक एवं पांचवा चरण राष्ट्रीय संवाद 10 जनवरी 2027 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जायेगा। युवा अधिकारी सुश्री विनीता चौधरी ने इस दोरान विकसित भारत क्विज का क्यू आर कोड भी जारी किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP.
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 14, 2026