गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पाण्डेय ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष,अपर समाहर्ता, बेगूसराय श्री बृज किशोर चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों, जलस्तर की स्थिति तथा प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, नावों के परिचालन, राहत एवं बचाव कार्य, बाढ़ राहत शिविरों, पेयजल, भोजन, चिकित्सा व्यवस्था तथा पशुओं के लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखें तथा संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता एवं राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने तथा जिला प्रशासन को नियमित रूप से अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
IPRD Bihar
#begusarai
24 views | Begusarai, Bihar | Sep 4, 2026