गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, गौमाता के सम्मान और अहंकार त्यागने का महत्वपूर्ण संदेश देता है। हम कितनी भी उन्नति कर लें, लेकिन प्रकृति को कभी नहीं भूलना चाहिए। धरती और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रकृति का सम्मान एवं संरक्षण आवश्यक है। यह बात प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भारत भारती गोशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि गौमाता का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। गाय के दूध, गोबर और गोमूत्र से अनेक उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। गौमाता का संरक्षण और उनसे प्राप्त उत्पादों का सदुपयोग प्रकृति एवं समाज दोनों के लिए लाभकारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश की सभी गौशालाओं में पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसका उद्देश्य समाज का प्रत्येक व्यक्ति गौशालाओं से जुड़े उनकी व्यवस्थाओं को समझे और गौसेवा में अपनी सहभागिता निभाए। उन्होंने सभी से गौसेवा एवं प्रकृति संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में भारत भारती गोशाला समिति के सचिव मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि भारत भारती में 200 गोवंशों का पालन किया जा रहा है। यह गोपालन एवं जैविक कृषि का केंद्र है। यहां पंचगव्य का निर्माण भी किया जाता है। उन्होंने गोशाला के संचालन एवं गतिविधियों में सभी से सहभागी बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विधायक खंडेलवाल ने गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले 9 पशुपालकों को सम्मानित कर पुरस्कार राशि वितरित की। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये प्रदान किए गए।
द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50-50 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसी प्रकार तृतीय पुरस्कार के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक खंडेलवाल ने गौसेवकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।
Betul Nagar, Betul | Nov 10, 2026